ईरान के संसद सभापति ने कहा है कि ईरानी राष्ट्र, अपनी स्वदेशी क्षमताओं पर भरोसा करके युरोपीय संघ द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को अधिक से अधिक स्वावलंबन की प्राप्ति के लिए अवसर में परिवर्तित कर देगा। डाक्टर अली लारीजानी ने आज पवित्र नगर क़ुम में पत्रकारों से बात करते हुए युरोपीय संघ के हालिया प्रतिबंधों को ईरान की अर्थव्यस्था के लिए निष्प्रभावी बताया और कहा कि इस प्रकार के प्रतिबंध, स्वावलंबन तक पहुंचने और विकसित तकनीकों की प्राप्ति के लिए ईरानी राष्ट्र को अधिक प्रेरणा प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि ईरान की सरकार ने प्रतिबंध के काल में उत्पादनकर्ताओं, उद्यमियों, किसानों तथा समाज के सभी वर्गों को उचित संभावनाएं प्रदान करने के लिए पहले ही कार्यक्रम तैयार कर रखे हैं। ज्ञात रहे कि युरोपीय संघ की विदेशमंत्री परिषद ने 23 जनवरी को ब्रसेल्ज़ में होने वाली अपनी बैठक में अमरीका की ईरान विरोधी नीतियों का अनुसरण करते हुए ईरान के तेल व केंद्रीय बैंक पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसी के साथ आंतिरक स्तर पर होने वाले विरोध के कारण परिषद ने कहा है कि इन प्रतिबंधों को तत्काल लागू नहीं किया जाएगा।
........
166